
सेठ राधा कृष्ण बिहानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग (OJT) शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में आईटी/आईटीईएस तथा ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की कक्षा 11 व 12 की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कौशल मित्र एवं व्याख्याता सुमन रानी के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं ने प्रतिदिन का दैनिक प्रतिवेदन भी तैयार किया, जिससे उनमें कार्य के प्रति अनुशासन, आत्मनिर्भरता, कार्य कुशलता एवं व्यवसायिक समझ का विकास हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को वास्तविक कार्य वातावरण से परिचित कराते हुए उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना रहा।
आईटी/आईटीईएस ट्रेड की छात्राओं ने श्री गुरु नानक कंप्यूटर सेंटर (SGN), हनुमानगढ़ टाउन में प्रशिक्षण प्राप्त किया। यहां छात्राओं को कंप्यूटर, हार्डवेयर एवं अन्य उपकरणों को जोड़ने, आधुनिक तकनीकी युग में विभिन्न सॉफ्टवेयर व डिजिटल गतिविधियों के संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। छात्राओं ने तकनीकी ज्ञान को नजदीक से समझते हुए कंप्यूटर आधारित कार्यों में दक्षता हासिल की।
वहीं ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की छात्राओं ने ग्लैम सैलून एंड अकैडमी, HMO में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान स्किन केयर, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप एवं ब्यूटी टिप्स से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके कौशल और प्रतिभा को देखते हुए विनोद वाला (पुत्री ओमप्रकाश), आईशा (पुत्री मोहम्मद आमीन), संजना (पुत्री दीपक), नेहा (पुत्री शंभू दास), राजनंदनी (पुत्री सुशील साहनी) एवं राधिका (पुत्री रामप्रीत दास) को एक वर्ष के लिए निशुल्क प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में संचालित व्यावसायिक ट्रेड छात्राओं को तकनीकी ज्ञान से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही व्यावसायिक प्रशिक्षक श्रीमती रोहिणी एवं श्रीमती ममता वर्मा ने पूरे प्रशिक्षण काल में छात्राओं को नए-नए कौशल सीखने हेतु निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया।
