
नोहर क्षेत्र के किसानों को बिना किसी असुविधा के खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसडीएम राहुल श्रीवास्तव ने गुरुवार को स्थानीय खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक निदेशक कृषि रामप्रताप सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर खाद वितरण की प्रक्रिया सुचारू पाई गई। किसानों को टोकन सिस्टम के माध्यम से सुगमता से खाद वितरित की जा रही थी। एसडीएम राहुल श्रीवास्तव ने स्टॉक रजिस्टर और भौतिक स्टॉक का मिलान भी किया, जो सही पाया गया।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया। किसानों ने केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है और किसानों से फीडबैक भी लिया जा रहा है।
एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए, ताकि अंतिम छोर पर खड़े किसान को भी समय पर खाद मिल सके। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर खाद सरकार द्वारा निर्धारित कीमतों पर ही बेची जा रही है। पीओएस (POS) मशीनों के माध्यम से वितरण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे किसानों का समय बचता है। केंद्र पर यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
एसडीएम राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हर किसान को पारदर्शिता के साथ खाद उपलब्ध कराना है।
