
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशानुसार यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विशेष रूप से ऑटो चालक एवं ई-रिक्शा चालकों को आमंत्रित किया गया, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जिम्मेदार बनाया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने कहा कि ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक केवल वाहन चालक ही नहीं होते, बल्कि वे अपने साथ कई परिवारों की जिंदगियों की जिम्मेदारी भी उठाते हैं। एक चालक की सतर्कता और अनुशासन ही यह तय करता है कि सवारी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अधिकांश चालक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से वाहन चलाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो बिना अनुभव, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजातों के अभाव में ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन कर रहे हैं, जो न केवल स्वयं के लिए बल्कि सवारियों और अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा बन सकता है।
अनिल चिन्दा ने चालकों को निर्देश दिए कि सभी वाहन के आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र सदैव पूर्ण रखें। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में ड्राइवर सीट पर अतिरिक्त सवारी न बैठाई जाए, क्योंकि इससे वाहन संचालन में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अब ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के कागजात यातायात थाना हनुमानगढ़ में जमा करवाए जाएंगे तथा जांच के उपरांत चालकों को पहचान पत्र (आई कार्ड) जारी किए जाएंगे। इससे शहर में अधिकृत चालकों का एक व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होगा और अवैध रूप से वाहन चलाने वाले चालकों पर रोक लगाई जा सकेगी। साथ ही, इस व्यवस्था से आपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा और आमजन को सुरक्षित सफर का भरोसा मिलेगा। अनिल चिन्दा ने बताया कि पहले चरण में 26 जनवरी से पहले आईकार्ड बनाये जायेगे व उसके बाद दूसरा व अंतिम चरण 25 फरवरी तक पूर्ण किया जायेगा व 1 मार्च से सभी ऑटो व ईरिक्शा चालकों का पंजीकरण किया जाना सुनिश्चित किया जायेगा।
कार्यशाला के अंत में यातायात थानाधिकारी ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे समय रहते अपने सभी कागजात यातायात थाना में जमा करवा कर आई कार्ड अवश्य बनवाएं। अन्यथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा मजबूरन कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्यशाला में उपस्थित चालकों ने भी यातायात नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित संचालन का संकल्प लिया।
