
पुष्कर, सावरिया सेठ व चित्तौड़गढ़ के धार्मिक स्थलों का करेगी भ्रमण
हनुमानगढ़। श्री नीम करौली सेवा समिति हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा आयोजित तीसरी धर्मयात्रा का शुभारंभ सेंट्रल जेल के सामने से बाबा श्याम के जयकारों के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। जैसे ही यात्रा का काफिला रवाना हुआ, “बाबा श्याम के जयकारे” और भक्ति संगीत से माहौल भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए, जिनमें युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
समिति की अध्यक्ष नैना शुभम जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री नीम करौली सेवा समिति द्वारा हर माह श्रद्धालुओं के लिए धर्मयात्रा का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में यह समिति की तीसरी धर्मयात्रा है, जो राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों पुष्कर, सावरिया सेठ एवं चित्तौड़गढ़ के पावन तीर्थों का भ्रमण करेगी। उन्होंने कहा कि धर्मयात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को एक साथ जोड़कर आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना और धार्मिक स्थलों की महत्ता से अवगत कराना है।
अध्यक्ष नैना शुभम जिंदल ने बताया कि इससे पूर्व समिति की पहली धर्मयात्रा चिंतपूर्णी देवी और दूसरी धर्मयात्रा खाटू श्यामजी एवं सालासर धाम गई थी, जिनमें भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इन यात्राओं से समिति को लगातार सकारात्मक ऊर्जा और समाज का सहयोग मिलता रहा है, जिससे समिति भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि तीसरी धर्मयात्रा में इस बार युवाओं और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक रही, जो यह दर्शाता है कि धर्म और आस्था सभी आयु वर्ग के लोगों को समान रूप से जोड़ती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समिति द्वारा की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से यात्रा कर सकें।
यह धर्मयात्रा 12 जनवरी की रात्रि को पुनः हनुमानगढ़ लौटकर संपन्न होगी। समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और आपसी सहयोग से यात्रा को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष नैना शुभम जिंदल के साथ उपाध्यक्ष धीरज बंसल, कोषाध्यक्ष विष्णु स्वामी, महासचिव रवि जिंदल, प्रचार मंत्री मनीष गर्ग, अनुज जिंदल, कैलाश गोदारा, सतीश कटारिया, राजकुमार, जतिन कंसल सहित समिति के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा की सफलता और सकुशल वापसी की कामना की।
