
पंजाब नेशनल बैंक द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय दो दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को एसकेडी विश्वविद्यालय के खेल मैदान में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक कर्मियों को नियमित बैंकिंग कार्यों के तनाव से राहत दिलाना और आपसी समन्वय व टीम भावना को मजबूत करना रहा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सर्किल हैड नीरज कुमार सिन्हा थे। विशिष्ट अतिथियों में एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा, खेल प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक प्रवीण कुमार तथा डिप्टी सर्किल हैड सुधीर साहू शामिल रहे। अतिथियों का आयोजकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रथम बॉल खेलकर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि सर्किल हैड नीरज कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बैंकिंग जैसे जिम्मेदारीपूर्ण और समयबद्ध कार्यों में तनाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि मानसिक स्फूर्ति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को तनावमुक्त रखना, आपसी सौहार्द बढ़ाना और कार्यक्षमता में सुधार लाना है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को इस आयोजन की मेजबानी करने पर गर्व है। खेल युवाओं और कर्मचारियों दोनों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी मेल-जोल बढ़ता है और सकारात्मक वातावरण बनता है।
खेल प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल महोत्सव के पहले दिन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्रिकेट के कुल तीन मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला टीम लगान और टीम रॉयल के बीच हुआ, जिसमें टीम रॉयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दूसरा मैच टीम राइजिंग स्टार और टीम धुरंधर के मध्य खेला गया, जिसमें टीम धुरंधर विजयी रही। तीसरा मुकाबला टीम संगरिया और टीम चूरू के बीच हुआ, जिसमें टीम चूरू ने बाजी मारी।
उन्होंने बताया कि रविवार को खेल महोत्सव के दूसरे दिन शतरंज, कैरम सहित अन्य इनडोर व आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सभी विजेता टीमों और खिलाड़ियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में बैंक के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
