
हनुमानगढ़ टाउन के निकट स्थित गांव कोहला में नगर परिषद सीमा पर कारपेट सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ आज विधायक गणेश राज बंसल द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सड़क निर्माण कार्य नगर परिषद द्वारा कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी । इस मौके पर नगर परिषद के सुपरवाइजर जीवन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सड़क गांव कोहला के 12 एचएमएच रोड से लेकर नगर परिषद सीमा तक वाया पतराम बावरी की ढाणी तक बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस सड़क निर्माण पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही कच्ची सड़क की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक गणेश राज बंसल का पारंपरिक तरीके से राजस्थानी पगड़ी और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों के इस स्नेह और सम्मान से विधायक भावुक नजर आए और उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शहरों का ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों का भी समान रूप से विकास करना है। उन्होंने कहा कि अब गांवों में भी तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए शहरों की ओर न देखना पड़े। विधायक बंसल ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में धन की कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता हो तो वे बेहिचक उन्हें अवगत कराएं। उन्होंने कहा, “आप हमें कार्य बताएं, हम आपकी सेवा के लिए हमेशा तैयार हैं।” इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गांव के सरपंच रामेश्वर लाल, पूर्व सरपंच अमरीक सिंह बराड़, बलदेव सिंह, सोनी राम, चिमनलाल, तरसेम मान, दर्शन मान, दयाराम शर्मा, लखनपाल, बलविंदर बराड़, रतिराम, बाबूलाल थरेजा, रवि आहूजा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके लिए विधायक एवं नगर परिषद का आभार जताया।ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्र के निरंतर विकास की कामना की और निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताई।
