
भारत विकास परिषद, नगर इकाई हनुमानगढ़ द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर युवाओं के मार्गदर्शन हेतु कैरियर डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से भेंट कर उन्हें स्वामी विवेकानंद जी का चित्र भेंट किया गया तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
परिषद के सदस्यों ने माननीय जिला कलेक्टर श्री खुशाल यादव जी, जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर जी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवनीत शर्मा जी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री जितेंद्र बठला जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद जी बिश्नोई एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय भार्गव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान स्वामी विवेकानंद जी की प्रेरणादायी जीवनी, उनके युवाओं के प्रति संदेश तथा भारत विकास परिषद द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा एवं संस्कार से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष श्री अनिल कौशिक ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कैरियर डे जैसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम हैं।”
हनुमानगढ़ जिला समन्वयक श्री कपिल कालड़ा ने परिषद की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “भारत विकास परिषद का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करना है। स्वामी विवेकानंद जी के आदर्श हमारे सभी प्रकल्पों की प्रेरणा हैं।”
प्रांतीय सेवा समन्वयक श्री ओम सिंह बिजारणियां ने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है। परिषद निरंतर प्रयास कर रही है कि युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और चरित्र निर्माण के क्षेत्र में मार्गदर्शन मिल सके।”
इस अवसर पर माननीय जिला कलेक्टर श्री खुशाल यादव जी ने भारत विकास परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “भारत विकास परिषद द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे सेवा कार्य अत्यंत प्रशंसनीय हैं। ऐसे संगठन प्रशासन के लिए भी सहयोगी सिद्ध होते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम में परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से नगर इकाई संरक्षक श्री सुशील जैन, प्रांतीय सेवा संयोजक ओम सिंह बिजारणियां, जिला समन्वयक कपिल कालड़ा, अध्यक्ष श्री अनिल कौशिक, सचिव श्री अशोक सुथार, वित्त सचिव श्री गौरव उपनेजा, भारतेंदु सैनी, पदम सिंह राठौड़, रामनिवास मांडन, सहायक निदेशक पुष्पेंद्र सिंह शेखावत दीपक सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा एवं युवा मार्गदर्शन के संकल्प के साथ किया गया।
