
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा देशव्यापी ‘रन फॉर स्वदेशी’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। यह कार्यशाला भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के सानिध्य में संपन्न हुई, जिसमें जिले भर से भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में 12 से 23 जनवरी तक कॉलेज एवं विश्वविद्यालय परिसरों में आयोजित होने वाले ‘रन फॉर स्वदेशी’ अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
कार्यशाला के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्य, स्वरूप और क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि यह अभियान केवल एक दौड़ कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ताओं को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों के आयोजन, जागरूकता गतिविधियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि स्वदेशी अपनाना राष्ट्रहित से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा वर्ग स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देगा। ‘रन फॉर स्वदेशी’ जैसे अभियानों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी और यह अभियान एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप लेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को गांव-गांव और कॉलेज-विश्वविद्यालय तक पहुंचाएं।
अभियान के जिला संयोजक संदीप सांई ने अपने संबोधन में कहा कि ‘रन फॉर स्वदेशी’ के माध्यम से युवाओं को स्वदेशी उत्पादों के महत्व, उनकी गुणवत्ता और देश की अर्थव्यवस्था में उनके योगदान के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से यह अभियान न केवल सफल होगा, बल्कि देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य भी करेगा।
जिला सह संयोजक अपारजोत सिंह बराड़ ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि यह हमारे सांस्कृतिक स्वाभिमान से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए युवाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा और वे समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनेंगे।
कार्यशाला का संचालन अभियान के जिला सह संयोजक विपिन सुथार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला सह संयोजक अपारजोत सिंह बराड़ द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के दौरान अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया।
इस अवसर पर हरीश सहू, मदन पूनिया, लूणाराम पूनियां, प्रशांत सिहाग, अंकप्रीत कौर, भाजयुमो पल्लू मंडल अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह राठौड़, निखिल, आयुष कसवाँ, धर्मवीर सिद्धू, महेंद्रपाल सिंह सहित भाजपा युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
