
हनुमानगढ़। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर स्नेह मिलन समारोह का आयोजन 2 केएनजे क्षेत्र में उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य पर्व की खुशियों के साथ सामाजिक जागरूकता एवं संगठनात्मक एकता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ एवं ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चंदड़ा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रणवीर सियाग ने की। अतिथियों का कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विधिवत रूप से लोहड़ी जलाई गई, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता निभाई। इसके साथ ही सामाजिक संदेश देने के उद्देश्य से विद्यालय के बच्चों द्वारा पतंग उड़ाने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने पतंगों पर ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’, ‘कन्या भ्रूण हत्या रोकें’ एवं ‘मतदान अवश्य करें’ जैसे प्रेरणादायक नारे लिखकर उन्हें सजाया और आकाश में उड़ाया। इस पहल के माध्यम से समाज को सकारात्मक एवं जागरूकता से भरा संदेश दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि देश एवं राज्य में खुशहाली, विकास और सामाजिक न्याय स्थापित करना है तो कांग्रेस को पुनः सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन के जीवन में राहत देने का कार्य करती हैं। इन योजनाओं को निरंतर जारी रखने के लिए कांग्रेस की सरकार एवं विभिन्न बोर्डों का गठन आवश्यक है।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को उठाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में वातावरण बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर राजेंद्र तंवर, अनिल भामभु, रविन्द्र गोदारा, विनोद गोदारा, मोहनलाल, सुभाष सिहाग,लभु गिल, लखविंदर , योगेश चौहान,जसु नेहरा,अजय सोनी, कान्हा राम, तरसेम शर्मा मौजूद थे।
