
हनुमानगढ़। लोहड़ी स्नेह मिलन एवं मनरेगा संग्राम कार्यक्रम के तहत गांव चौहिलावाली में कांग्रेस कार्यकर्ता बिंदर सिंह के निवास पर जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। जनसभा का उद्देश्य मनरेगा सहित जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के प्रदेश महासचिव रविन्द्र सिंह बेनीवाल रहे। उनके साथ पंचायत समिति के उपप्रधान कालूराम गोदारा, सहकारी समिति चेयरमैन ओम कूकना, नगर मंडल सचिव लखवीर सिंह लक्खा, मंडल सचिव विनोद कुमार जोईया सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रविन्द्र सिंह बेनीवाल ने कहा कि वर्तमान समय में मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार देने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि इस योजना को मजबूत किया जाए तो गांवों में पलायन रुक सकता है और ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मनरेगा संग्राम को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
सभा के दौरान लोहड़ी पर्व भी पारंपरिक तरीके से मनाया गया। स्नेह मिलन कार्यक्रम के माध्यम से आपसी भाईचारे एवं संगठनात्मक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी कांग्रेस की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक बिंदर सिंह ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
