
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए आज जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 31 कंबलों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में सम्मेलन की जिला इकाई की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि शीत ऋतु में निर्धन एवं असहाय वर्ग को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि महिला अग्रवाल सम्मेलन समय-समय पर समाज के कमजोर वर्गों की सहायता हेतु ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और आगे भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने सम्मेलन की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और समर्पण के कारण ही इस प्रकार के सामाजिक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो पाते हैं।
इस अवसर पर सम्मेलन की महामंत्री दीपा डालमिया ने कहा कि सेवा भाव ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। कोषाध्यक्ष अंजली बंसल ने बताया कि संगठन के संसाधनों का सदुपयोग कर अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. शिवानी गर्ग, संगठन मंत्री प्रीति गुप्ता एवं प्रचार मंत्री निशा मित्तल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्द मौसम में कंबल वितरण जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित होता है। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कंबल वितरण कार्यक्रम में जिला संरक्षक सरोज अग्रवाल, शिमला गुप्ता एवं सीमा गुप्ता सहित अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई और लाभार्थियों को कंबल वितरित किए।
