
हनुमानगढ़ | तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अंबेडकर भवन में राजस्थान के दिव्यांग कबड्डी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चयनित खिलाड़ियों को खेल किट का वितरण किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित कुल 14 होनहार दिव्यांग खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, ट्रेनिंग किट, कबड्डी मैट शूज, गर्म जुराबें, डाइट किट तथा गर्म कंबल वितरित किए गए। सभी खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगीना बाई तथा विशिष्ट अतिथि विजय उप्पल, गौरव उप्पल, राजेश दादरी टीम, जगनंदन सिंह, भानु सिंह, शंभू सिंह, वेद तिवारी, अजय सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विक्रम सिंह मान उपस्थित रहे।
राही सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष योगेश कुमावत ने बताया कि सोसायटी एवं जनसहयोग से खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे बिना किसी परेशानी के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी कर सकें।
यह प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को निखारने, नई रणनीतियां सिखाने तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। शिविर में अनुभवी एनआईएस कोच सुनील सामरिया खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं, जो अपने लंबे अनुभव के आधार पर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष एवं अनुकूल प्रशिक्षण पद्धतियों का उपयोग कर रहे हैं।
राजस्थान टीम के इंचार्ज एवं अर्जुन अवॉर्डी जगसीर सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगी और देश को नई व बेहतरीन प्रतिभाएं मिलेंगी।
वहीं प्रतियोगिता की आयोजक सचिव संदीप कौर ने कहा *”हम इस प्रतियोगिता को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह पैरा एथलीटों के लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि उनका सपना है। हम चाहते हैं कि हर दिव्यांग खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिले और यह प्रशिक्षण शिविर उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण शिविर 21 जनवरी से 26 जनवरी तक विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाली तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को तैयार करेगा। गौरतलब है कि पिछली राष्ट्रीय पैरा कबड्डी चैंपियनशिप (गाजियाबाद) में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
