
हनुमानगढ़। आर्य समाज मंदिर, हनुमानगढ़ के पावन तत्वावधान में अमावस्या के शुभ अवसर पर आयोजित करुणा महायज्ञ दिव्य बाल एवं मानव सेवा कार्यक्रम रविवार को श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस विशेष सेवा यज्ञ का आयोजन समाज में उपेक्षित, जरूरतमंद एवं विशेष सहायता की आवश्यकता रखने वाले वर्गों के उत्थान के उद्देश्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवी, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:15 बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से हुई। यज्ञ के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं सामाजिक सौहार्द की कामना की गई। यज्ञ स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर मानव मात्र के प्रति करुणा, सहयोग और सेवा भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
हवन-यज्ञ के पश्चात दोपहर 12:15 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था में आर्य समाज मंदिर परिवार एवं समाजसेवी मित्रगणों का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सेवा वितरण रहा। मंदिर ट्रस्ट द्वारा पूर्व में चयनित जरूरतमंदों को सेवा सामग्री वितरित की गई। इस दौरान वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों, एकलव्य आश्रम के अनाथ बच्चों, मंदबुद्धि एवं झुग्गी-झोपड़ी में निवास करने वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों व बुजुर्गों सहित लगभग 170 जरूरतमंद लोगों को रजाई, कंबल, गर्म वस्त्र, इनर, कोट , आदि सेवा सामग्री का वितरण किया गया लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती रही।
कार्यक्रम में संयोजक प्रमोद कुमार सोनी (निवर्तमान पार्षद, नगर परिषद हनुमानगढ़) ने कहा कि करुणा महायज्ञ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता के धर्म का जीवंत उदाहरण है। समाज के सक्षम वर्ग को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए, ताकि समाज में समानता और भाईचारे की भावना सुदृढ़ हो सके।
कार्यक्रम स्थल आर्य समाज मंदिर प्रांगण, पुरानी नगरपालिका, हनुमानगढ़ टाउन में दिनभर सेवा, श्रद्धा और संवेदना का वातावरण बना रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं सेवाभावी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
आर्य समाज वरिष्ठजन श्री आनंद मोहन जी, पूर्व प्रधान श्रीमति पुष्पलता जी ,आर्य समाज प्रधान वीरेंद्र सोनी , मंदिर ट्रस्ट प्रधान इंद्रजीत चौधरी, सोनी समाज युवा प्रधान गुरदीप सोनी, संजय भादू,
महेंद्र नाथ, अमन चौधरी, परविंदर वधवा , निवर्तमान पार्षद श्री महादेव भार्गव जी, महेश सोनी, जैकी सोनी, कैलाश सोनी , पवन सोनी, रोशन सोनी,गोविंदा सोनी , वीरेंद्र शर्मा, नरेश सिहाग, जगदीश मुंड,कृष्ण कड़वासरा, राधेश्याम,रजत,नरेंद्र, राजू,मनजिंदर सिंह,गुरजंट सिंह,तरुण अरोड़ा
