
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत नूरपूरा में रविवार को मनरेगा संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी की एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया गया। अभिनंदन करने वालों में सुखदेव महान, संतराम महान, संजय लोहिया, रोशन बलानी, राधे लोहिया, अजय लोहिया, राजविंदर गोदारा, सतपाल धालीवाल, कुलदीप बराड़, लेखराम गोदारा एवं हंसराज रिणवां शामिल रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा की तथाकथित “बिना ताज की कठपुतली सरकार” ने आमजन को बुरी तरह त्रस्त कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की अनदेखी और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने से ग्रामीण जनता में गहरा रोष है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा सरकार इसे लगातार कमजोर कर रही है। काम के दिन घटाए जा रहे हैं, समय पर भुगतान नहीं हो रहा और मजदूरों को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।
जनसभा में उपस्थित ग्रामीणों ने भी सरकार की नीतियों पर खुलकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की झलक आगामी पंचायत और प्रमुख चुनावों में साफ दिखाई देगी। जनता अब सरकार के झूठे वादों से ऊब चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना था कि भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान और मजदूर के हितों की अनदेखी की है। न तो किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो पा रहे हैं। ऐसे में जनता का विश्वास सरकार से उठ चुका है और कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प के रूप में सामने आ रही है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा संग्राम के माध्यम से गांव-गांव जाकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करें। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत और प्रमुख चुनावों में कांग्रेस को बहुमत मिलेगा और जनता के हित में मजबूत नेतृत्व उभरकर सामने आएगा।
जनसभा के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव लाया जाएगा। इस मौके पर गुरदीप चहल, जयराम ढुकिया, लोकेन्द्र भाअी, गुरलाल मान, विनोद गुरूसर, रणवीर लोहरा, सिमरजीत, अनमोल व अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
