
हनुमानगढ़। वार्ड नं. 18 दुर्गा कॉलोनी में लंबे समय से व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल, हनुमानगढ़ जंक्शन के अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में वार्डवासियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कॉलोनी की दयनीय स्थिति का विस्तार से उल्लेख करते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि दुर्गा कॉलोनी नगर की सबसे पुरानी और विकसित कॉलोनियों में से एक है, लेकिन बीते कुछ समय से यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर रूप ले चुका है। पिछले लगभग छह महीनों से कॉलोनी में गंदे व बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे आमजन का स्वास्थ्य खतरे में है। इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया।
इसके साथ ही ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पिछले दो वर्षों से सिवरेज निर्माण कंपनी द्वारा सड़कों और पानी की पाइप लाइनों को जगह-जगह से तोड़ा गया, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं करवाई गई। टूटी हुई सड़कें और क्षतिग्रस्त पाइप लाइनें आए दिन दुर्घटनाओं और जलभराव का कारण बन रही हैं। वार्डवासियों द्वारा संबंधित अधिकारियों और सिवरेज कंपनी से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वार्ड की पुरानी नालियां भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी हैं, जिसके चलते नालियों का गंदा पानी घरों की नींव में जा रहा है। इससे पूरा वार्ड सेमग्रस्त हो गया है और मकानों की मजबूती पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, बिजली व्यवस्था भी बदहाल बताई गई है। कॉलोनी में कई बिजली के खंभे झुके हुए हैं और कुछ टूटने की कगार पर हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इसके अलावा सफाई व्यवस्था की स्थिति भी बेहद खराब बताई गई है। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे मच्छरों और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई कि इन सभी समस्याओं का तत्काल प्रभाव से निराकरण कराया जाए, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके। वार्डवासियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होना पड़ेगा।
इस मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में कृष्ण गोस्वामी, राजेंद्र भारतीय, सुरेश डूढानी, महेंद्र अरोड़ा, महेंद्र प्रताप जोशी, सुशील बंसल, नरेश पुरोहित, सुरेंद्र मित्तल, बाबू लाल सैन, मलकीत सिंह, ओम प्रकाश सैन, सुनील चग़ती, अमरीक सिद्धू , महेश बलाडीया, प्रदीप गुप्ता , भारत भूषण गुप्ता, नारायण जिंदल, गजानंद शर्मा, रामचंद्र खड़खड़ीवाल, राजकुमार गोस्वामी, कुमार केशव, अनिल सांखला, युसूफ खान, हरी भाटी,परमानंद बलाडिया, अमित बलाडिया, मनीष सैन, दीपक डागा, प्रकाश कारयानी अमित शर्मा, विजय सैन, नितिन, महावीर सैन, अमित सैन, शुभम आदि मौजूद रहे।
