
हनुमानगढ़। पारीक कॉलोनी रोड के समीप एफसीआई रोड पर बढ़ती असामाजिक गतिविधियों और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग को लेकर भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश मेहंदीरत्ता के नेतृत्व में सैकड़ों वार्डवासियों ने पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ व भाजपा नेता अमित चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिमला राकेश मेहंदीरत्ता ने बताया कि एफसीआई रोड से पारीक कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, सूर्य नगर सहित आसपास की कई कॉलोनियों का आवागमन प्रतिदिन इसी मार्ग से होता है। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह सड़क मुख्य संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद यह क्षेत्र अत्यधिक सुनसान रहता है, जिसका फायदा असामाजिक तत्व एवं नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रात्रि के समय इस रोड पर नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना रहता है। सुरक्षा के अभाव में कॉलोनियों के लोग रात के समय एफसीआई रोड का उपयोग करने से कतराते हैं और मजबूरी में लंबा रास्ता अपनाकर कॉलेज रोड से आवागमन करते हैं। यह स्थिति महिलाओं, बुजुर्गों एवं छात्रों के लिए विशेष रूप से चिंताजनक है।
भाजपा नेता राकेश मेहंदीरत्ता ने बताया कि एफसीआई रोड एवं आसपास की कॉलोनियों की आबादी लगभग 20 हजार से अधिक है, इसके बावजूद क्षेत्र में कोई पुलिस चौकी नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यहां एक अतिरिक्त पुलिस चौकी की नितांत आवश्यकता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पुलिस चौकी के लिए एफसीआई गोदाम की भूमि अथवा नगरपरिषद की भूमि उपलब्ध है। राकेश मेहंदीरत्ता ने कहा कि यदि प्रशासन अनुमति प्रदान करे तो पुलिस चौकी के निर्माण हेतु जनसहयोग से भवन निर्माण भी करवाया जा सकता है, जिससे सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ेगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र एफसीआई रोड पर पुलिस चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इस मौके पर नरेश सियाग, भगवान सैनी, बबली, राधेश्याम बलौडा, भूप सिंह बलौडा, राकेश बिश्नोई ,पवन सोनी, सुरेश शर्मा ,मीनू अरोड़ा, पारुल, अकप्रीत सिंधु, निखिल जेदिया, सुमित कंडा, हर्ष कल्याण, सागर कंडा सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
