
हनुमानगढ़। माघ मास की सुदी दूज के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला का शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। इस अवसर पर ध्वज पूजा एवं भव्य संध्या आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आयोजन के अनुसार शाम को पंडित भवरलाल शर्मा के सानिध्य में ध्वज पूजा संपन्न हुई। ध्वजा पूजा के मुख्य यजमान मनीष सिंगला एवं धर्मराज बंसल ने सपत्नीक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज पूजा होते ही वातावरण भक्तिमय हो गया। भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही, आसमान जगमग हो गया, इसके पश्चात भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लेकर भगवान की आराधना की।
ध्वज पूजा एवं आरती के उपरांत फिर से भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति सदस्य सुशील ढुढाणी व साहिल मेहरा ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि माघ सुदी दूज से लेकर दशमी तक प्रतिदिन संध्या समय भव्य आरती व मेला भरेगा। 28 जनवरी को भव्य मेला भरेगा ओर उससे एक दिन पहले 27 जनवरी को रात्रि को विशाल जागरण होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ मास में की गई पूजा, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व होता है। इस दौरान किए गए पुण्य कर्मों से आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन आयोजन में सहभागी बनें और धर्मलाभ कमाये।
