
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत फतेहगढ़ खिलेरीबास में रविवार को मनरेगा संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी की एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया, जिससे सभा स्थल पर उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। ग्रामीणों ने कहा कि बीते दो वर्षों में भाजपा की बिना ताज की कठपुतली सरकार ने आमजन को बुरी तरह परेशान कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा और मजदूरों के अधिकारों पर हो रहे हमलों से जनता में भारी नाराजगी है। इसका सीधा असर आगामी पंचायत एवं प्रमुख चुनावों में देखने को मिलेगा।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा सरकार लगातार इसे कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में काम के अवसर घटते जा रहे हैं, मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं हो रहा और मजदूरों को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा संग्राम के माध्यम से गांव-गांव जाकर जनता को सरकार की नीतियों की सच्चाई बताएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की झलक आने वाले चुनावों में स्पष्ट दिखाई देगी और जनता कांग्रेस को बहुमत देकर अपना समर्थन जताएगी।
सभा को संदीप सिद्धू, गुरदीप चहल, रामेश्वर चांवरिया, गुरलाल मान, यश चिलाना, जयवीर बाना, विनोद गुरूसर, नवनीत कौर, रणवीर लोहरा, रोहित स्वामी, गुरप्रीत मान, अनमोल, सिमरजीत, भूपेन्द्र एवं संदीप सिंव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने गांव, किसान, मजदूर और युवा सभी वर्गों की उपेक्षा की है। न तो किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो पा रहे हैं।
इस अवसर पर रणवीर जैलदारा, परमाराम जांगिड़, मांगीलाल स्वामी, मंसाराम गोदारा, संदीप जैलदार, रोहिताश भाखर, राकेश चांवरिया, साहबराम गोदारा, राजेन्द्र जोशी, बलराम पारीक, मदन छिम्पा, इमीलाल खाती, हनुमान वर्मा, तार सिंह, नरसिंह, विनोद खटोड़, बद्रीराम, ठाक्करराम गोदारा, मनीष तिवाड़ी, कृष्णा गिल, रामकुमार पंजाबी, शिवप्रकाश स्वामी, अमन खिलेरी, खेतपाल दूधवाला, मोनू गोदारा, रामकुमार गोदारा, जयदेव गोदारा, रमेश गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जनसभा के अंत में उपस्थित ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव लाया जाएगा। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
