
हनुमानगढ़| बसंत पंचमी के पावन अवसर पर जिले में शुक्रवार से ग्राम उत्थान शिविरों का शुभारंभ किया जाएगा। ये शिविर प्रत्येक गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन 23, 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1 एवं 5 से 9 फरवरी तक कुल 10 दिनों तक किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने सभी संबंधित विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु गिरदावर सर्किल की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध होना चाहिए।
ये शिविर मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राम उत्थान शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा शिविरों में तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, ड्रिप एवं फव्वारा सिंचाई, प्लास्टिक मल्च तथा सौर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां दी जाएंगी। इसके अलावा बैलों से खेती करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य की जानकारी दी जाएगी। आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, सोलर पंप एवं पॉलीहाउस के आवेदन तैयार करना तथा बीज एवं मिनी किट वितरण का सत्यापन भी किया जाएगा।
