
हनुमानगढ़। टाउन के रूप नगर स्थित श्री नेहरू मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज बसंत पंचमी एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय व्यवस्थापक रामकुमार रोकणा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर व्यवस्थापक रामकुमार रोकणा ने अपने संबोधन में कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, कला और संगीत की देवी मां सरस्वती के प्रकट होने का पावन पर्व है। यह दिन विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा, संस्कार और सृजनात्मकता का संदेश देता है। उन्होंने बसंत पंचमी के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सीखने की प्रेरणा देता है। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विद्या, विवेक और सफलता का आशीर्वाद लिया। वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और उनके राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका पिंकी रानी ने बसंत पंचमी के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह पर्व विद्यार्थियों को अध्ययन, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति जागरूक करता है। उन्होंने नेताजी के विचारों को आत्मसात करने पर बल दिया। इस अवसर पर फौजा सिंह, पंकज रोकणा, मोहित, संजय, मनीराम, मीरा शर्मा, मीरा सक्सेना, नजमा बानो, रितु रानी, दर्शन रानी, पूनम, कंचन, सुमन, सिमरन, रेनू, उर्मिला, जोनी कंवर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के संदेश के साथ किया गया।
