
हनुमानगढ़। टाउन के निकट स्थित दो एसएनएम बालिका राजकीय विद्यालय में आज विश्व बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी अपनाओ मुहिम के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी अपनाओ टीम की सक्रिय सदस्य महक गर्ग ने बताया कि विश्व बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय की बालिकाओं के साथ यह दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को फल, बिस्किट एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया, जिससे बालिकाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।विद्यालय की अध्यापिका उषा बब्बर ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी अपनाओ टीम द्वारा जरूरतमंद बालिकाओं को खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान वितरित किया गया। उन्होंने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम इससे पूर्व भी बच्चों के लिए जूते वितरण कर चुकी है तथा कई जरूरतमंद बालिकाओं को गोद लेकर उनके बचत खाते भी खुलवाए गए हैं। यह टीम लगातार बालिकाओं के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इस के पश्चात सूर्य सप्तमी पर सूर्य नमस्कार बालिकाओ के साथ सभी टीम सदस्यों व स्कूल स्टाफ ने सामूहिक रूप से किया । कार्यक्रम के दौरान टीम सदस्य राजेश दादरी, मनोज सिंगला,बनीत गर्ग, राधा कृष्ण सिंगला सहित विद्यालय स्टाफ से सुमन गर्ग, संतोष यादव, माया साहू, मीना गुप्ता एवं उषा बब्बर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आयोजन ने समाज में बालिका सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।
