
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की बैठक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति विभाग की प्रभारी सोना देवी बावरी, प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुलोचना बावरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने की।
बैठक में “मनरेगा संग्राम” अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने, आमजन को जागरूक करने तथा संगठनात्मक स्तर पर आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजना और अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने वाली मनरेगा योजना के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी जी राम जी कर दिया गया है। साथ ही योजना के लिए आवंटित धनराशि में कटौती किए जाने से गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि नाम बदलने के साथ-साथ नियमों में बदलाव कर योजना की आत्मा को कमजोर किया जा रहा है, जिससे मजदूरों को समय पर काम और भुगतान नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कदम कॉरपोरेट समूहों को लाभ पहुंचाने और गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित करने की मंशा से उठाया गया है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रतिदिन अलग-अलग गांवों में जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है, उसे कार्यकर्ता और मजबूत करे। इन जनसभाओं में मनरेगा, सामाजिक न्याय, अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों तथा सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता के सामने रखे। पूर्व में आयोजित जनसभाओं की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति तय की गई।
एससी विभाग की प्रभारी सोना देवी बावरी ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है। भाजपा सरकार इसे कमजोर कर गरीबों की रोजी-रोटी पर चोट कर रही है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा के पुराने नाम और मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।
प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल ने कहा कि अनुसूचित जाति और वंचित वर्गों के लिए रोजगार और सामाजिक सुरक्षा बेहद जरूरी है। मनरेगा में कटौती से सबसे ज्यादा नुकसान इन्हीं वर्गों को हो रहा है। कांग्रेस पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए लगातार संघर्षरत रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि केंद्र सरकार केवल नाम बदलने और प्रचार करने में लगी है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि गरीबों को काम नहीं मिल रहा। मनरेगा संग्राम के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को सच्चाई बताएंगे।
अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने कहा कि संगठन पूरी मजबूती से आंदोलन को आगे बढ़ाएगा और हर कार्यकर्ता को जनसभाओं में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर गुरचरण सिंह, राजेन्द्र तिलानिया, रानी देवी, रामदित्ता नेतला, राज सिंह जसाना, राकेश राठौड़, शंकर खान, भानीराम, प्रहलाद, सतपाल, अशोक कुमार, सुनील गिरी, रोहित मेव, जयराम ढुकिया, महेन्द्र सिंह, सुरेश कुमार, प्रेमराज नायक, रणवीर, महेन्द्र, मोहन कड़वा, मदनलाल डागला, रूपाराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
