
हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मनरेगा संग्राम अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर का कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलने का ही काम किया है। योजनाओं की आत्मा और उद्देश्य से छेड़छाड़ कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में शहरों को चमन का स्वरूप दिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार के पिछले दो वर्षों में विकास के नाम पर शहरों को उजाड़ने का काम किया गया है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि शहरों में जगह-जगह सड़कों को तोड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आमजन की जरूरतों को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान सरकार केवल प्रचार और नाम बदलने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना, जो अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने का काम करती थी, उसका नाम बदलकर वीबी जी राम जी कर दिया गया है। साथ ही योजना में संशोधन कर आमजन से रोजगार छीनने का प्रयास किया जा रहा है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और गरीब, मजदूर व किसान के अधिकारों की रक्षा करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस ही एकमात्र जनहितैषी पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है, जिससे आमजन त्रस्त है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गरीब, किसान और मजदूर के हितों की रक्षा की है।
ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी की मजबूती साफ दिखाई देगी। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में हाल ही में हुए उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है, जो जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। आगामी चुनावों में भी जनता के समर्थन से कांग्रेस बोर्ड बनाएगी।
जनसभा में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मनरेगा संग्राम अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की सच्चाई जनता के सामने रखें। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और जनहित की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
स्मोक कर राजेंद्र सहू, शिवचंद सैनी, रामचंद्र भाटी, किरोड़ीमल सैनी, दुर्गा दत्त सैनी, शिवेंद्र सिंह, बलराम यादव, जाकिर हुसैन सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।
