
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन रोड से भद्रकाली माता मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। इस संबंध में ग्राम पंचायत चक 8 एचएमएच के सरपंच रोहित स्वामी ने जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो आगामी भद्रकाली माता मेले के दौरान आमजन को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में सरपंच रोहित स्वामी ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र चक 8 एचएमएच में स्थित भद्रकाली माता जी के मंदिर में प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है। इस वर्ष यह मेला 19 मार्च से प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हनुमानगढ़ टाउन रोड से भद्रकाली मंदिर तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पिछले दो वर्षों से किया जा रहा है, लेकिन कार्य की गति अत्यंत धीमी होने के कारण आज तक सड़क पूरी नहीं हो पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मनमानी ढंग से कार्य कर रहे हैं। पूरी सड़क को तोड़ दिया गया है, लेकिन केवल लगभग 2 किलोमीटर हिस्से में ही निर्माण कार्य किया गया है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क की खराब हालत के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की वैन और बसों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सरपंच ने बताया कि सड़क पर चलने वाले वाहनों को रोजाना नुकसान हो रहा है, टायर पंचर होना आम बात हो गई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ जाती है। यदि सड़क की वर्तमान स्थिति बनी रही तो मेले के समय विकट हालात उत्पन्न हो सकते हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विभाग द्वारा कभी 500 मीटर सड़क का निर्माण कर दिया जाता है और फिर कार्य को तीन-तीन महीने के लिए बंद कर दिया जाता है। इसी तरह टुकड़ों में काम करते हुए अब तक केवल 2 किलोमीटर सड़क बनाई गई है, जबकि शेष हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा है।
सरपंच रोहित स्वामी ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि भद्रकाली माता मेले से पूर्व सड़क बनकर तैयार हो सके और श्रद्धालुओं तथा ग्रामीणों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की उम्मीद जताई है। इस मौके पर उदित स्वामी , बसंत स्वामी,लकी ,जनटा सिंह ,असलम खान पीयूष मोंगा, धर्मवीर सिंह, गुरदेव सिंह , मुकेश स्वामी आदि मौजूद थे।
