
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर रविवार सुबह हल्की धुंध फिर लौट आई। तड़के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी कम हुई और सड़कों पर वाहनों की गति धीमी पड़ गई। पिछले दिनों की तुलना में अब ठंड का असर कम होता दिख रहा है, जिससे आमजन को राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह संकेत देता है कि कड़ाके की सर्दी का दौर अब खत्म हो रहा है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस होती है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का अहसास अभी भी बना हुआ है।
मावठ हुई तो फसलों को होगा फायदा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह के समय कोहरे की चादर देखी गई, लेकिन पाले का असर नगण्य रहा। इससे रबी फसलों को नुकसान की आशंका कम हुई है। किसानों के अनुसार, गेहूं, सरसों और चने की फसलें वर्तमान में अच्छी स्थिति में हैं और मौसम उनके अनुकूल बना हुआ है। इसके बावजूद, किसान अभी भी मावठ की बारिश की उम्मीद कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि फरवरी की शुरुआत में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होती है, तो यह रबी फसलों के लिए अमृत समान होगी। इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और फसल का उत्पादन भी बेहतर होगा।
