
हनुमानगढ़। बेबी हैप्पी शिक्षा समिति द्वारा संचालित आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हनुमानगढ़ में शनिवार को बाल सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित व्यवहार, आत्मरक्षा एवं जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। कार्यक्रम में पारिवारिक न्यायालय हनुमानगढ़ की काउंसलर रेशमी सिहाग ने विद्यालय की छात्राओं को गुड टच और बैड टच के विषय में सरल, सहज एवं प्रभावी तरीके से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेबी हैप्पी शिक्षा समिति के अध्यक्ष भगवानदास गुप्ता ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए काउंसलर रेशमी सिहाग ने कहा कि बालिकाओं को कम उम्र से ही अपने शरीर की सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कौन-सा व्यवहार सुरक्षित है और किन परिस्थितियों में सतर्क रहने की आवश्यकता होती है। उन्होंने विशेष रूप से छोटी बच्चियों को यह सीख दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई वस्तु, खाने-पीने की चीज या उपहार नहीं लेना चाहिए। यदि किसी भी प्रकार की असहज या डराने वाली स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत अपने माता-पिता, अभिभावक या विद्यालय के शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
रेशमी सिहाग ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ “ना” कहना सिखाया और बताया कि डर या संकोच के कारण चुप रहना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर सवाल पूछे, जिनका काउंसलर ने धैर्यपूर्वक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
इसके पश्चात काउंसलर रेशमी सिहाग ने विद्यालय की महिला अध्यापिकाओं के साथ लगभग एक घंटे तक संवाद किया। इस संवाद सत्र में बच्चों की काउंसलिंग, उनके व्यवहारिक बदलाव, मानसिक समस्याओं की पहचान और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षिकाओं को बच्चों से संवाद करने के व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुपमा विजय एवं आदर्श शिक्षा समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप भाटी द्वारा काउंसलर रेशमी सिहाग को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बेबी हैप्पी शिक्षा समिति के अध्यक्ष भगवानदास गुप्ता, विद्यालय प्रधानाचार्य अनुपमा विजय, आदर्श शिक्षा समिति अध्यक्ष रामस्वरूप भाटी, नितेश यादव, रमेश कामना, संतोष यादव , मधु शर्मा ,लक्ष्मी मौजूद थे।
