
हनुमानगढ़। राजस्थान एकाउण्टेट एसोसिएशन जिला शाखा हनुमानगढ़ द्वारा स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार को जंक्शन स्थित सिविल लाईन सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में लेखाकर्मी उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य संगठनात्मक एकता को मजबूत करना, नव नियुक्त एवं पदोन्नत साथियों का सम्मान करना तथा सेवानिवृत्त लेखाकर्मियों के योगदान को स्मरण करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान एकाउण्टेट एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष लालचंद यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में कृष्ण शर्मा सीएओ, नीतू चुघ, प्रमोद कुमार सीनियर एओ, राकेश कुमावत, अजीत नाथावत एवं अवनीश डेलू शामिल रहे। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार बिजारणिया, जिला मंत्री संदीप तरड़ एवं कोषाध्यक्ष पंकज सुथार ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों, सेवानिवृत्त लेखा साथियों तथा सहायक लेखाधिकारी से सहायक लेखाधिकारी प्रथम पद पर पदोन्नत हुए लेखाकर्मियों का सम्मान किया गया। मंच से सम्मान पाकर लेखाकर्मियों के चेहरे पर गर्व और उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि लेखाकर्मियों की निष्ठा, ईमानदारी और परिश्रम से ही विभागीय कार्य सुचारू रूप से संचालित होते हैं।
मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष लालचंद यादव ने अपने संबोधन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लेखाकर्मियों की 25 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर राज्य सरकार के समक्ष लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन की एकजुटता और अनुशासित आंदोलन के बल पर इन मांगों का शीघ्र समाधान करवाया जाएगा। यादव ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता है और हमें हर परिस्थिति में एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन केवल मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक साथी की समस्याओं के समाधान के लिए भी सदैव तत्पर है। संगठन के हित में निरंतर सक्रिय रहना और नए साथियों को जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन के कार्यों की सराहना की और लेखाकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में गुरविन्द्र सुथार, कृष्ण भाट, विजय सहारण, निजामुद्दीन गौरी, देवेन्द्र राठौड़, मोहन स्वामी, सुनील स्वामी, राकेश गोदारा, पूनम राठौड़, रोहित सैनी, रमनदीप कौर, रविना का विशेष सहयोग रहा।
