
हनुमानगढ़। आज दिनांक 8 फरवरी 2026 को मंडल कांग्रेस कमेटी मिर्जावाली मैर द्वारा नरेगा बचाओ महासंग्राम को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अभिमन्यु पूनिया, जिला परिषद सदस्य परवीन मेघवाल, यूपी जिला प्रमुख मुकेश सारण एवं मंडल अध्यक्ष महावीर छिम्पा विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पीसीसी सचिव सोहनलाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार नरेगा योजना का नाम बदलकर या अन्य हथकंडे अपनाकर इस योजना को धीरे-धीरे बंद करना चाहती है। इससे ग्रामीण गरीब मजदूरों को रोजगार से वंचित होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि गांव के गरीब परिवारों की जीवनरेखा है और कांग्रेस इसे किसी भी हालत में कमजोर नहीं होने देगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि नरेगा के तहत काम के दिन घटाना, भुगतान में देरी करना और बजट कम करना मजदूर विरोधी नीति का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव-गांव जाकर लोगों को भाजपा की नीतियों से अवगत कराएं और नरेगा बचाने के लिए संगठित संघर्ष करें।
स्थानीय विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मजदूर, किसान और गरीब वर्ग की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नरेगा बचाओ आंदोलन को और तेज किया जाएगा, ताकि सरकार को जनविरोधी फैसले वापस लेने पर मजबूर किया जा सके।
बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। मंडल प्रवक्ता सतवीर बुरड़क ने कहा कि सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरना होगा और कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर मेहरवाला के पूर्व सरपंच कृष्ण जी देग, वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता पूर्णराम जी मुंड, मिर्जावाली मैहर से नरेश गोस्वामी, डबली खुर्द से अजय ज्यानी, 4-5 आरडब्ल्यूबी से विनोद अटवाल, मसीतांवाली से पूर्व डायरेक्टर गौरीशंकर शर्मा, लूनावाली ढाणी से नत्थूराम खिचड़ सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
बैठक में बृजलाल बुरड़क, कालूराम मेघवाल, प्रेम मिरासी, महेन्द्र पिलानिया, मुकेश गोदारा, अलाबक्स गुज्जर, सुभाष नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन नरेगा और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।
