
हनुमानगढ़। शहर में हिंसक व आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर आमजन में भारी रोष व भय का माहौल है। इसी को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन के नेतृत्व में श्रीमान् ए.डी.एम. एवं प्रशासक, नगरपरिषद हनुमानगढ़ को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर को हिंसक व आवारा कुत्तों से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि परिषद के संज्ञान में आया है कि हनुमानगढ़ शहर के कई क्षेत्रों में हिंसक कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ये कुत्ते दिन व रात के समय राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के पीछे पड़ जाते हैं और कई बार काट भी लेते हैं। इतना ही नहीं, ये कुत्ते दुपहिया व चारपहिया वाहनों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन में विशेष रूप से उन क्षेत्रों का उल्लेख किया गया जहां हिंसक कुत्तों की समस्या अधिक गंभीर है। इनमें सूरतगढ़ रोड पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन के पास की गली एवं पीछे की गली, नगीना मार्ग गांधी नगर में मोदी किरयाना स्टोर के आसपास, चुना फाटक व क्राउन सिटी कॉलोनी के पास, झूलेलाल मंदिर के समीप हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सुरेन्द्र वैद के घर के पास पार्क के नजदीक, सुरेशिया क्षेत्र हनुमानगढ़ जंक्शन, सेक्टर नंबर 6 चुना फाटक के पास हनुमानगढ़ जंक्शन तथा हनुमानगढ़ टाउन में किले के सामने वाले मोहल्ले के अंदरूनी क्षेत्र शामिल हैं।
प्रवीण जैन ने एक गंभीर घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि दिनांक 5 फरवरी 2026 की रात्रि करीब 12.30 बजे सूरतगढ़ रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास एक राहगीर व उसके बच्चे पर हिंसक कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है और लोग रात के समय घर से बाहर निकलने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।
राष्ट्रीय युवक परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर हिंसक व आवारा कुत्तों की धरपकड़, नसबंदी एवं अन्य आवश्यक कदम उठाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस मौके पर प्रवीण जैन, कुरड़ाराम, दिनेश शर्मा, रामचंद्र, वीरेंदर जैन, मितेश स्वामी, रंजीत शर्मा, सचिन त्यागी व अन्य सदस्य मौजूद थे।
