
हनुमानगढ़ । जंक्शन पुलिस ने हेरोइन तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी हेरोइन बरामदगी से जुड़े एक पुराने मामले में की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनुमानगढ़ टाउन के सूर्यनगर स्थित गली नंबर 4 निवासी अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस संगठित गिरोह के अब तक कुल 6 सदस्यों को पकड़ा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान और पूछताछ जारी है।
यह मामला 18 जनवरी, 2024 का है, जब गश्त के दौरान पुलिस ने होंडा सिटी कार में सवार अमन कुमार और रहमत अली को 10.38 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच के दौरान राजकुमार उर्फ राजू, श्योकत अली उर्फ खड्डू और सन्नी को भी पहले गिरफ्तार किया गया था। अब इसी प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित अनिकेत कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह युवाओं को लालच और आर्थिक सहायता देकर अपने साथ जोड़ता था। इसके बाद इन युवाओं के माध्यम से हेरोइन की तस्करी करवाई जाती थी। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई गजेंद्र शर्मा, कॉन्स्टेबल योगेंद्र कुमार और सुभाष चंद्र शामिल थे। मामले में अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
