
हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जंक्शन भट्टा कॉलोनी स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा। भक्तिभाव और उल्लास से परिपूर्ण इस अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था।
बेबी हैप्पी शिक्षण संस्था के संस्थापक शिक्षाविद भगवानदास गुप्ता, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने संयुक्त रूप से भगवान महादेव का विधिवत अभिषेक कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। अभिषेक के दौरान मंत्रोच्चारण और शंखनाद से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित टीकाराम ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। उन्होंने भक्तों को महाशिवरात्रि के महत्व और महादेव की उपासना से प्राप्त होने वाले आशीर्वादों के बारे में बताया।
इस धार्मिक आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर विक्रम राठौड़, रुद्रांश वर्मा, सुनील पाल, मातादीन वर्मा, सूरजभान वर्मा, चंदन सिंह समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, फल, फूल एवं जल से महादेव का अभिषेक कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
पूरे दिन मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। शाम को महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर भगवान शिव की आराधना की।
