
हनुमानगढ़। समाज में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के हाथ पीले करने का संकल्प लेकर कार्य कर रही श्री नव दुर्गा सेवा समिति ने अपने 20वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जंक्शन व्यापार संघ धर्मशाला में भावपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया। इस वर्ष कुल 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिनमें से 5 जोड़ों का सिख रीति-रिवाज से आनंद कारज तथा एक जोड़े का हिंदू परंपरा अनुसार फेरे कराकर विवाह संपन्न कराया गया।
समारोह के दौरान कई परिवारों की आंखें खुशी और संतोष से नम नजर आईं। जिन बेटियों के विवाह को लेकर अभिभावक वर्षों से चिंता में थे, उनके लिए यह आयोजन किसी वरदान से कम नहीं रहा। समिति ने न केवल विवाह की संपूर्ण व्यवस्था की, बल्कि नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने हेतु सिलाई मशीन भी उपहार स्वरूप प्रदान की। इससे नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत में मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर हिसारिया परिवार ने पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया की 50वीं विवाह सालगिरह तथा उनके सुपुत्र आदित्य हिसारिया की 25वीं विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे आयोजन का व्यय वहन कर सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। परिवार ने कहा कि समाज के सहयोग से ही जीवन की खुशियां पूर्ण होती हैं, इसलिए उन्होंने अपनी खुशियों को जरूरतमंद परिवारों के साथ बांटने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा नेता अमित चौधरी, पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, गौशाला अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया, व्यापार संघ अध्यक्ष पदम जैन, समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल, दीनदयाल हिसारिया, नौरगराय हिसारिया, राजेश हिसारिया, साहिल बलाडिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। प्रत्येक जोड़े के दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच-पड़ताल के बाद ही उन्हें सामूहिक विवाह में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सहारा देना है। कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में फैली दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाने का काम करते हैं और साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करते हैं।
इस मौके पर राजेश गर्ग, राजेश गुप्ता, पवन गर्ग, मनोज गर्ग, अशोक मोंगा, विकास मित्तल, सुमंत गर्ग, सुरेश कटारिया, नरेंद्र कुमार गर्ग निकू, दर्शन मिढ़ड़ा और सुदर्शन गोयल, दौलतराम शाक्य, सुशील ढुढाणी सहित कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
