
हनुमानगढ़। तहसील पीलीबंगा के गांव हांसलिया में समर्सिबल की केबल चोरी के मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हांसलिया के ग्रामीणों ने इमरान खान पुत्र मोहम्मद अली के साथ पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ को प्रार्थना-पत्र देकर विरोधी पक्ष पर आपराधिक षड्यंत्र रचने, झूठी शिकायत करने तथा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को प्रार्थी के खेत से समर्सिबल की लगभग 400 फीट केबल चोरी हो गई थी। इस संबंध में पुलिस थाना गोलूवाला में एफआईआर संख्या 42/26 दिनांक 12 फरवरी 2026 को दर्ज करवाई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मुल्जिमान रात के अंधेरे में पक्के खाले के पास से केबल को हाथों से खींचकर झाड़ियों में छिपते हुए चोरी कर ले गए।
इमरान खान ने आरोप लगाया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद विरोधी पक्ष गोविन्द पुत्र अमरजीत, अमरजीत पुत्र नामालूम, चंदो देवी पत्नी अमरजीत तथा रफीक लोधी पुत्र इलाहीबक्श निवासी हांसलियाकृने उन्हें भयभीत करने और मामले को दबाने के उद्देश्य से आपराधिक षड्यंत्र रचा। प्रार्थी के अनुसार उक्त व्यक्तियों ने झूठे एवं संगीन आरोप लगाते हुए छेड़छाड़ जैसी शिकायत पुलिस थाना गोलूवाला में प्रस्तुत की, जिससे प्रार्थी व उसके परिवार को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
इमरान ने आरोप लगाया कि झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओंकृ217, 220, 365, 351 एवं 74कृके तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इमरान खान ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से भी गुहार लगाएंगे।
मामले को लेकर गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई, मंडल महामंत्री पूर्व सरपंच भूपेंद्र सिंह, परिवादी इमरान खान, मोहम्मद अली, रमजान खान, वारिस अली, जोगेंद्र सिंह मान, जगजीत सिहं औलख, जग्गा सिहं, कुलदीप पिलानिया, भागीरथ कुम्हार, महेंद्र राम भाट, विनोद चांडिसा, रामनारायण बिश्नोई व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
