
हनुमानगढ़। आगामी रबी सीजन 2026-27 में सरसों, चना एवं मूंग की सरकारी खरीद को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में धानमंडी परिसर में ही उपार्जन केंद्र स्थापित कर खरीद कराने तथा तुलाई कार्य 25 पैसे सैंकड़ा के हिसाब से स्थानीय धाणका, तौला एवं मजदूरों के माध्यम से करवाने की मांग को लेकर संगठनों ने प्रशासन व रजिस्ट्रार इमिलाल सहारण को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय किसान सभा पीलीबंगा, व्यापार मंडल गोलूवाला तथा श्री धानका तोला मजदूर यूनियन गोलूवाला के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के किसान अपनी फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने के लिए उत्साहित हैं। ऐसे में गेहूं की तरह ही सरसों, चना और मूंग की खरीद व तुलाई भी धानमंडी परिसर में करवाई जानी चाहिए, ताकि किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को एक ही स्थान पर सुविधा मिल सके।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में नैफेड द्वारा क्रय-विक्रय सहकारी समिति परिसर में तुलाई करवाई जा रही है, जहां पर्याप्त शेड एवं स्थान का अभाव है। इससे एक साथ कई किसानों की फसल की तुलाई संभव नहीं हो पाती और किसानों को देर रात तक इंतजार करना पड़ता है। इससे समय और संसाधनों की हानि होती है तथा अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी खरीद के बाद तुलाई का कार्य ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जाता है, जिससे स्थानीय धाणका, तौला एवं मजदूरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मजदूरों को रोजगार के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जबकि तुलाई का कार्य बाहरी ठेकेदारों को सौंपे जाने से स्थानीय श्रमिकों की आजीविका प्रभावित होती है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए धानमंडी परिसर में ही उपार्जन केंद्र स्थापित किया जाए तथा 25 पैसे सैंकड़ा की दर से तुलाई का कार्य स्थानीय धाणका, तौला एवं मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए। संगठनों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि आगामी खरीद सीजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा से जगदीश सारस्वत, नौजवान सभा हनुमानगढ़ जिला सचिव कामरेड वेद मक्कासर, प्रदीप बिश्नोई तोला यूनियन की तरफ से राजू कस्वा महेंद्र पंडित दयाराम वर्मा चंद्रभान वर्मा मुकेश कुमार अजय कुमार महावीर छिंपा रमेश कुमार दर्शन सिंह वेद सिंह विनोद छिंपा जय किशन हैप्पी मौजूद थे।
