
श्रीगंगानगर| सड़क पर दौड़ती इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी को आग लगते ही चालक युवक छोड़कर दूर भाग गया। घटना मीरा चौक के पास शाम करीब 7:30 बजे की बताई गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाया। लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह से जल चुकी थी। फायरमैन नरेश ने बताया कि स्कूटी चालक युवक होलसेल मार्केट से सामान सप्लाई का काम करता है। वह काम खत्म करके अपने घर की तरफ जा रहा था कि तारों में स्पार्किंग से स्कूटी में आग लग गई।
दलीप सिंधी ने बताया कि स्कूटी सवार युवक राजेश मौसम विभाग की तरफ से मीरा चौक की तरफ आ रहा था कि चौक से कुछ पहले ही स्कूटी ने आग पकड़ ली। स्कूटी के अधिकतर पार्ट्स प्लास्टिक के होने के कारण देखते ही देखते आग ने स्कूटी को पूरी तरह से चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मय गाड़ी मौके पर पहुंच गए। तब तक आग से ऊंची लपटें निकलने लगी थी। अग्निशमन दल ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
