
हनुमानगढ़ . राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है. राष्ट्रीय राजमार्ग-954 के साधुवाली-बनवाला और राष्ट्रीय राजमार्ग-54 के बनवाला-हनुमानगढ़ हिस्से को 4-लेन में अपग्रेड करने के लिए केंद्र सरकार ने 2,386.08 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ मार्ग पर सफर पहले की तुलना में अधिक तेज, सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है. साथ ही दोनों जिलों के बीच बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी.
2386 करोड़ से बदलेगी सड़क की तस्वीर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का प्रदेशवासियों की ओर से आभार जताया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आमजन के लिए यातायात व्यवस्था को आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में मजबूत सड़क नेटवर्क विकास की रफ्तार बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
