
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व दिवस पर शुक्रवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स और संकाय सदस्यों ने हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था। रैली के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशीले पदार्थांे से दूर रहने और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ही स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता) गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व की जानकारी दी। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने तथा चुनाव में बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. सिद्धार्थ राव, डॉ. भावना, डॉ. राजकुमार, किरण ढिल, हीरालाल, सोहनलाल, भागवंती, डॉ. मनदीप कौर, विजय सिंह, डॉ. राजकुमार, ममता सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।
