
महिलाओं ने उत्साह के साथ मनाया तीज पर्व, रंग-बिरंगे झूलों का उठाया आनंद
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव महिला मंडल की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तीज पर्व मनाया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास की ओर से तीज महोत्सव को लेकर महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगे झूले लगाए गए, जिनका महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाते हुए झूले झूले तथा नृत्य कर तीज पर्व की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर भाग लिया। गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कई महिलाओं ने तीज से जुड़े पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए, वहीं अन्य महिलाओं ने सामूहिक रूप से नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। मंदिर परिसर में देर तक हंसी-खुशी और उल्लास का वातावरण बना रहा। प्रन्यास अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने बताया कि उक्त आयोजन महिला मंडल अध्यक्ष वीना सैनी , सरोज शर्मा, अनिता शर्मा, सीमा नारंग के नेतृत्व में किया गया। तीज पर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें आपस में मिलकर पर्व मनाने का अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि श्री नीलकंठ महादेव सेवा न्यास की ओर से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ महिलाओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पारंपरिक संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। उक्त आयोजन को सफल बनाने में सचिव चिमन मित्तल, रामचंद्र बाघला, रतिराम शाक्य, महावीर शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
