
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा जिला कमेटी हनुमानगढ़ ने गोलूवाला पुलिस थाना के एसएचओ सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर दलित नेता रामपाल नायक व अन्य के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार 17 फरवरी 2026 को गोलूवाला पुलिस थाने के समक्ष डीवाईएफआई के नेता रामपाल नायक के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि सीआई तेजवंत सिंह, कांस्टेबल मनीष, हेड कांस्टेबल भागचंद्र, कांस्टेबल शुभम चौधरी व कांस्टेबल राहुल ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा रामपाल नायक सहित अन्य को पकड़कर थाने में ले जाकर मारपीट की।
Dyfi के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रघुवीर वर्मा एडवोकेट ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण धरने के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। डीवाईएफआई ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह मामला अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े व्यक्ति के साथ अत्याचार का है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जिला सचिव वेद मक्कासर ने मांग की गई है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित किया जाए तथा मामले की स्वतंत्र जांच करवाई जाए।
रामपाल नायक ने कहा कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले कार्यकर्ताओं के साथ दुव्र्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीवाईएफआई पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। आज के प्रदर्शन में विनोद वर्मा एडवोकेट प्रदीप बिश्नोई, रोहिताश शर्मा, राकेश वर्मा, विजय कसवां, संदीप नायक जेपी शर्मा, हरदीप, सुभाष चौहान, रामपाल नायक महावीर नायक व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
