
हनुमानगढ़। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को जंक्शन स्थित पेंशनर हाल में पेंशनर सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 42 पेंशनरों व समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 4 पेंशनर अमरजीत सिंह सिधू, अशोक खुराना, मीना पूरी तथा रमेश दर्गन का माला, शॉल एवं ‘यथार्थ गीता’ भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य संरक्षक आर.एल. कक्कड़, विशिष्ठ अतिथि एसबीआई बैंक के सहायक महाप्रबंधक सुनील कुमार एवं सीएमएचओ नवनीत शर्मा, कोषाधिकारी कृष्ण शर्मा रहे। अध्यक्षता संघ अध्यक्ष अशोक खत्री ने की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनर समाज का अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
समारोह के दौरान रोडवेज विभाग की ओर से 12 पेंशनरों के स्मार्ट कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें यात्रा सुविधा में सहूलियत मिलेगी। उपस्थित पेंशनरों ने इस पहल की सराहना की और इसे उपयोगी कदम बताया।
संस्था के अध्यक्ष अशोक कुमार खत्री ने वार्षिक आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा सदस्य संख्या की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन निरंतर पेंशनरों के हितों के लिए कार्य कर रहा है और भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 17 दिसंबर को मनाया जाने वाला पेंशनर दिवस इस बार किसान आंदोलन के कारण स्थगित कर दिया गया था। बाद में सर्वसम्मति से निर्णय लेकर इसे गुरुवार को सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। मंच संचालन रमेश रहेजा ने किया।
कार्यक्रम रुलीराम द्वारा कविता पाठ किया व रमेश शर्मा द्वारा गीत प्रस्तुत किया।
