
हनुमानगढ़ । रावतसर पुलिस ने गंगानगर मार्ग के जरिए हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 1 साल से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर एसपी हरीशंकर ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिद्धार्थ झींझा उर्फ जोंटी (24) निवासी वार्ड 12, रावतसर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह गंगानगर क्षेत्र को तस्करी का मुख्य ट्रांजिट रूट बनाकर चिट्टा की सप्लाई करवाता था। आरोप है कि सिद्धार्थ अपने गिरोह के साथ मिलकर युवकों को पैसों का लालच देकर तस्करी में शामिल करता था और उन्हें वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराता था। वह लंबे समय से एक संगठित सिंडिकेट के रूप में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा दे रहा था।
आरोपी के खिलाफ राजस्थान और पंजाब में हेरोइन तस्करी के कुल 5 मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस भी लगभग डेढ़ वर्ष से 500 ग्राम हेरोइन के एक प्रकरण में उसकी तलाश कर रही थी। रावतसर थानाधिकारी ईश्वरानंद के नेतृत्व में एक टीम ने तकनीकी माध्यमों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। जिस एनडीपीएस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, उसमें अमन वर्मा और हार्डकोर अपराधी अनिल कुमार झींझा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गंगानगर रूट से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
