
हनुमानगढ़। गुरुद्वारा सिंह सभा, गोलूवाला के बैनर तले ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर गोलूवाला में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस के समर्थन में आवाज उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने पर कुछ लोग पुलिस प्रशासन को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गोलूवाला पुलिस एवं थाना प्रभारी तेजवंत सिंह की छवि धूमिल करने के लिए भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। जबकि पुलिस ने क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई कार्रवाई सराहनीय है और इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
गुरुद्वारा प्रधान जीत सिंह ने बताया कि गोलूवाला में नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कई संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। उनका कहना है कि जब भी पुलिस सख्ती से कार्रवाई करती है तो कुछ लोग व्यक्तिगत हितों के चलते विरोध का माहौल बनाने का प्रयास करते हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में गुरुद्वारा साहिब से जुड़ा एक मामला विवादों में रहा था, जिसे थाना प्रभारी ने कानून के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया। पुलिस की तत्परता और संतुलित रवैये के कारण क्षेत्र में शांति कायम रही। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाकर कार्रवाई की जाती है तो इससे फिर से क्षेत्र की कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों ने मांग की कि पुलिस को निष्पक्ष और निर्भीक होकर कार्य करने दिया जाए, ताकि नशे और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस व थाना प्रभारी के खिलाफ दबाव की राजनीति की गई तो इससे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक से अपील की कि भ्रामक प्रचार पर रोक लगाई जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाया जाए, ताकि गोलूवाला में शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रह सके।
इस मौके पर जीत सिंह प्रधान, डॉ प्रीतम सिंह मल्ली, सुरेंदर जैलदार, जगतपाल निवाद, सुखविंदर सिंह बुट्टर, गुरमेल सिंह, गोविंद सिंह रामगढिया व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
