
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय नायक महासभा जिला कमेटी, हनुमानगढ़ ने गोलूवाला थाना पुलिस पर धरना दे रहे दलित युवक को उठाकर दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि 17 फरवरी 2026 को गोलूवाला पुलिस थाने के समक्ष भारत की जनवादी नौजवान सभा के नेता रामपाल नायक के नेतृत्व में धरना चल रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी सीआई तेजवंत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने रामपाल नायक व अन्य लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया। महासभा का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक गालियां दीं और रामपाल नायक को उठाकर थाने में ले जाकर मारपीट की।
महासभा ने आरोप लगाया कि इस घटना में सीआई तेजवंत सिंह, कांस्टेबल मनीष, हेड कांस्टेबल भागचंद्र, कांस्टेबल शुभम चौधरी और कांस्टेबल राहुल शामिल थे। संगठन ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे दलित समाज का अपमान बताया है। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी गंभीर खतरा है।
अखिल भारतीय नायक महासभा ने मांग की है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस मौके पर दलित शोषण मुक्ति मंच के जिलाध्यक्ष मनीराम मेघवाल, वेद मक्कासर, अनूसूचित जनजाति विभाग कांग्रेस सीताराम कड़वा, सुभाष बोगियां उपाध्यक्ष , गौरीशंकर नायक , अखिल भारतीय नायक महासभा के जिला अध्यक्ष रणवीर लोहरा, बुधराम, सुरेंद्र लावा, सुभाष, मुकेश, बबलू, विजय, पवन, नीदू मलखट, प्रेम , हरिराम डगला , अनिल, प्रहलाद, सुरेंद्र, सीमा, शकुंतला, रामप्यारी, सुमन, गीता देवी, सुनिता, इंद्रा, सुनिता, गोमती व अन्य समाज के लोग मौजूद थे।
