
हनुमानगढ़। अबोहर बाईपास स्थित नवनिर्मित सब्जी मंडी को शीघ्र व्यापारियों को आवंटित किए जाने की मांग को लेकर फल व सब्जी आढ़तिया यूनियन ने हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल को ज्ञापन सौंपा। यूनियन अध्यक्ष रत्तीराम शाक्य ने बताया कि अबोहर बाईपास पर प्रस्तावित सब्जी मंडी को स्वीकृत हुए लगभग 11–12 वर्ष बीत चुके हैं तथा करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह मंडी करीब छह वर्ष पूर्व पूरी तरह तैयार हो चुकी है, लेकिन अब तक व्यापारियों को भूखंडों का आवंटन नहीं किया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि मंडी परिसर में चारदीवारी, पक्की सड़कें, बैंक भवन, किसान भवन, कैंटीन और शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं तैयार हैं। इसके बावजूद लंबे समय से खाली पड़े रहने के कारण भवन जर्जर होने लगे हैं। चारदीवारी दो बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है तथा निर्माण की गारंटी अवधि भी समाप्त हो चुकी है। यदि शीघ्र आवंटन नहीं किया गया तो पुनर्निर्माण और मरम्मत पर भारी खर्च आएगा, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों पर पड़ सकता है।
यूनियन ने यह भी बताया कि खाली पड़ी मंडी असामाजिक तत्वों का अड्डा बनती जा रही है। परिसर में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिनमें एल्यूमिनियम नेट, बिजली फिटिंग का सामान, नल और अन्य सामग्री चोरी हो चुकी है। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वर्तमान में शहर के बीच संचालित सब्जी मंडी को लेकर व्यापारियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी क्षेत्र अब अत्यंत छोटा पड़ गया है। सुबह के समय भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार मुख्य सड़क तक जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। व्यापारियों का कहना है कि अव्यवस्थित माहौल के कारण किसानों और आढ़तियों के बीच तनाव की स्थिति भी बन जाती है।
फल व सब्जी आढ़तिया यूनियन के अध्यक्ष रत्तीराम शाक्य एवं सचिव ओमप्रकाश सैन ने विधायक से व्यक्तिगत रुचि लेकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि नई मंडी में भूखंड आवंटित कर व्यापारी अपने भवन बनाकर व्यवस्थित ढंग से व्यापार शुरू कर सकें।
