
श्रीगंगानगर । आशा वर्कर्स ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर सरकार विरोधी नारे लगाए और कोर्ट रोड पर धरना लगाकर बैठ गईं। आशा वर्कर्स ने सैलरी का भुगतान नहीं करने पर कार्य नहीं करने और आंदोलन की चेतावनी दी है।
आरोप: क्लेम नहीं मिला
आशा वर्कर्स ने कहा- अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 तक के क्लेम और प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है, जबकि अन्य सरकारी कर्मचारियों को हर महीने की 1 तारीख को पेमेंट मिल जाता है। अल्प मानदेय भोगी आशाओं को उनके काम की प्रोत्साहन राशि हर महीने दी जाए और अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 तक के सभी बकाया क्लेम 5 मार्च 2026 से पहले पूर्ण रूप से चुकता किए जाएं।
बोलीं- जीवन यापन करना मुश्किल हुआ
आशा वर्कर्स ने बताया- वे नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत घर-घर जाकर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाती हैं, लेकिन मानदेय में लगातार देरी से परिवारों का जीवनयापन मुश्किल हो गया है। कुछ ब्लॉकों में तो 2-3 महीनों से मानदेय नहीं मिला है। हम घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाती हैं, लेकिन हमारी अपनी जिंदगी संकट में है। सरकार हमें भूखों मरने पर मजबूर कर रही है।

श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध/प्रदर्शन करती हुईं आशा वर्कर्स।
इन मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
- अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 तक के बकाया क्लेम और प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान।
- हर महीने मानदेय का भुगतान 5 तारीख से पहले सुनिश्चित किया जाए।
- पल्स पोलियो अभियान के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान।
- आशा सहयोगिनियों का बढ़ा हुआ एरियर कई ब्लॉकों में पेंडिंग है, उसे भी जारी किया जाए।
- भविष्य में समय पर भुगतान की गारंटी।
