
हनुमानगढ़ । नोहर में परिवहन कार्यालय के आसपास कार्यरत यातायात सलाहकारों और स्थानीय नागरिकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने साहवा बाईपास स्थित गिन्नाणी के पास नगर पालिका नोहर द्वारा मिट्टी खोदकर बंद किए गए रास्ते को तुरंत चालू कराने की मांग की है।

नाली खोदने पर रास्ता बंद होने से परेशान लोगों ने सौंपा ज्ञापन।
ज्ञापन में बताया गया है कि इस क्षेत्र में यातायात सलाहकारों के कार्यालय, फोटोस्टेट की दुकानें और होटल संचालित हैं, जो किराए पर हैं। परिवहन कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए प्रतिदिन हजारों लोगों का यहां से आना-जाना लगा रहता है। नगर पालिका द्वारा गिन्नाणी के पास खाई खोदकर रास्ता बंद करने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
नागरिकों ने बताया कि उनके कार्यालय और दुकानें किसी भी अतिक्रमण की श्रेणी में नहीं आते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि बंद किया गया रास्ता राजकीय भूमि है, तब भी वर्तमान में यह किसी विभाग के उपयोग में नहीं है। ऐसी स्थिति में आवागमन बंद करने से किसी का हित नहीं सध रहा, बल्कि आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में आमजन के हितों को देखते हुए उक्त रास्ते को अविलंब पुनः चालू कराने की पुरजोर मांग की गई है। इस अवसर पर राजेंद्र सिहाग, अस्त अली, प्रदीप सेवग, हुसैन, भजनलाल, सुंदर, नत्थूराम सोनी, विक्की, विनोद, भूप गोदारा, बृजलाल स्वामी, रविंद्र और संजय स्वामी सहित अनेक यातायात सलाहकार और दुकानदार उपस्थित थे।
