
हनुमानगढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तार से चर्चा की। हनुमानगढ़ जिले से उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल, कृष्ण स्वामी ने शिरकत की।
बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकुल गोयल ने की। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान के कोने-कोने से पधारे सभी प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बैठक का सफल और प्रभावी आयोजन संभव हो पाया है, जिसके लिए वे सभी को साधुवाद देते हैं।
मुकुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के व्यापारी वर्ग को वर्तमान समय में विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संगठन की जिम्मेदारी है कि वह व्यापारियों की आवाज को मजबूती से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ का उद्देश्य केवल बैठकें करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि राजस्थान में व्यापारियों पर हो रहे कथित अत्याचारों और प्रशासनिक दबाव के मामलों को पूरे प्रदेश में प्रमुखता से उठाया जाएगा। पदाधिकारियों ने एकजुट होकर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने, जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा व्यापारी वर्ग के बीच संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। अंत में सभी ने एक स्वर में कहा कि संगठन प्रदेश के व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षशील रहेगा।
