
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के विशेषाधिकारी राजीव दत्ता के हनुमानगढ़ आगमन पर जंक्शन स्थित गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का नेतृत्व भाजपा नेता अमन संधू, काला प्रधान तथा जिला कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष यादविन्द्र सिंह ने किया।
राजीव दत्ता के स्वागत में भाजपा नेता अमन संधू ने जेसीबी मशीन के माध्यम से पुष्पवर्षा करवाकर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। स्कूल परिसर में पहुंचते ही पारंपरिक ढंग से साफा पहनाकर एवं हनुमान जी का गद्दा भेंट कर कुश्ती संघ की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दत्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर सिख समाज, जाट समाज, अरोड़वंश समाज, ओबीसी समाज, मुस्लिम समाज, ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंच पर पहुंचकर उनका स्वागत किया। समाज के प्रमुख लोगों ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
समारोह को संबोधित करते हुए राजीव दत्ता ने कहा कि वे राजस्थान के लगभग हर जिले में भ्रमण कर चुके हैं, लेकिन हनुमानगढ़ जिले में जिस प्रकार कुश्ती का वातावरण और उत्साह देखने को मिलता है, वह अन्यत्र दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रदेशभर में कुश्ती का नाम रोशन किया है और यहां की खेल संस्कृति प्रेरणादायक है।
दत्ता ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशे की प्रवृत्ति है। यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो वे न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनेंगे, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त होंगे। उन्होंने सभी समाजों और संगठनों से आह्वान किया कि वे मिलकर युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव दत्ता ने युवाओं को नशे से दूर रखने के विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अक्सर 10 से 15 वर्ष की आयु में बच्चे नशे की लत की ओर आकर्षित हो जाते हैं। यह उम्र अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए इस दौरान बच्चों पर विशेष ध्यान, मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता रहती है।
उन्होंने कहा कि यदि इस आयु वर्ग के बच्चों को सही दिशा, खेलों से जुड़ाव और पारिवारिक सहयोग मिले, तो वे गलत संगत और नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकते हैं। दत्ता ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें तथा उन्हें खेल, शिक्षा और संस्कारों की ओर प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेता अमन संधू एवं मंचासीन पदाधिकारियों ने राजीव दत्ता के इस संकल्प का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि हनुमानगढ़ जिले में नशे के प्रभाव को समाप्त करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, खेल संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मंचासीन वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। यदि परिवार, विद्यालय, खेल संगठन और समाज एकजुट होकर काम करें तो निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में बाबा बलकार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, आशीष पारीक, द्रोणाचार्य आरड़ी संिह, बलजिन्द्र सिंह, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में जिला कुश्ती संघ की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में खेलों के विस्तार हेतु सहयोग का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष यादविन्द्र सिंह पहलवान, काला पहलवान, भाखड़ा प्रोजेक्ट चैयरमैन मनप्रीत सिंह, सुखा सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम सिंह, जगतपाल सिंह, अमित गोदारा, उद्यम बराड़, नवीन बागला, जिन्दी पहलवान, विजय सिंह, भागीरथ, प्रभुदयाल, जनक पहलवान, धर्मेन्द्र सिंह, बुटा पहलवान, बानी योगी, सेवक , बिट्टू, गगनदीप, पंकज शर्मा व अन्य खेलप्रेमी मौजूद थे।
