
श्रीगंगानगर। तीन महिलाएं गहने खरीदने के बहाने ज्वैलरी शॉप में घुसीं। ज्वैलर से चांदी की पायल दिखाने को कहा। इस दौरान मौका पाकर काउंटर पर रखी दो जोड़ी पायल छुपा ली। घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वारदात 21 फरवरी की दोपहर 3.25 बजे पुरानी आबादी के जनता ट्रक यूनियन पुलिया के पास स्थित हेरी ज्वैलर्स की शॉप पर हुई थी। इसका वीडियो सामने आया है।

महिलाओं ने दुकानदार को बातों में उलझाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बातों में उलझाकर थैले में डाली पायल
दुकान मालिक परमजीत सिंह सोनी ने बताया- दो महिलाएं पहले दुकान में आईं। दुकान पर मेरी पत्नी थी। महिलाओं ने पत्नी से चांदी की पायल दिखाने को कहा। थोड़ी देर बाद तीसरी महिला भी पहुंच गई। उन्होंने अलग-अलग जेवर दिखाने के बहाने बातचीत में व्यस्त रख लिया।
इसी दौरान मैं भी दुकान पर पहुंच गयाय। मैं तीसरी महिला को सामान दिखाने लगा। पहली दो महिलाओं ने मेरी पत्नी को बातों में उलझाए रखा और काउंटर पर रखी दो चांदी की पायल चुपके से थैले में डालकर पीछे की मेज पर रख दिया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति दुकान के बाहर खड़ा हो गया। थोड़ी ही देर में तीनों महिलाएं वहां से चली गईं।
महिलाओं के जाने के बाद जब मैंने स्टॉक चेक किया तो दो जोड़ी पायल गायब मिलीं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने पर दिखा कि महिलाएं पायल चुराते हुए दिख रही हैं।
वारदात से पहले दुकान में घुसती हुई चोर महिलाएं।
पुलिस ने परमजीत सिंह सोनी की रिपोर्ट तीन महिलाओं और एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
