
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय स्थित अधिवक्ता चैम्बर ए ब्लॉक में बार संघ हनुमानगढ़ द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने एक साथ मिलकर पारंपरिक अंदाज में होली खेली और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। समारोह में रंग, गुलाल और चंग की थाप के साथ उत्सव का वातावरण देर तक बना रहा।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश तनवीर चौधरी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक पराशर, विशिष्ट न्यायाधीश एनडीपीएस पृथ्वीपाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनीता बेड़ा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रविप्रकाश बाकोलिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी अग्रवाल तथा ग्राम न्यायालय न्यायाधिकारी अविनाश चांगल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। न्यायिक अधिकारियों का बार संघ पदाधिकारियों ने गुलाल लगाकर व पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
बार संघ अध्यक्ष रोहित खिच्ची ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि होली स्नेह मिलन का उद्देश्य बार और बैंच के बीच मधुर संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के बीच आपसी सम्मान और संवाद अत्यंत आवश्यक है। इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी एक परिवार की तरह शामिल होते हैं।
समारोह के दौरान अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। चंग की पारंपरिक थाप पर फाग गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बार संघ के उपाध्यक्ष गुरदेव सिंह थिंद, सचिव हेमराज वधवा, कोषाध्यक्ष मोहित चौधरी, पुस्तकालय अध्यक्ष ध्रुव कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से होली पर्व को सौहार्द, सहयोग और न्यायिक गरिमा के साथ मनाने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
